
प्रदेश के हर गन्ना किसान तक पहुंचेगी सामाजिक सुरक्षा की ढाल, 6 से 11 जुलाई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान
लखनऊ, 5 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए 6 से 11 जुलाई तक प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन अभियान चलाएगी।
इस अभियान के तहत लाखों गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य किसानों की आर्थिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और सामाजिक स्थिरता को मजबूत करना है।
सरकार का मानना है कि दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में सामाजिक सुरक्षा योजनाएं किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करेंगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
अभियान में सहकारी गन्ना विकास समितियां प्रमुख भूमिका निभाएंगी। समिति परिसरों में बैंकों, इफको, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से सहायता एवं नामांकन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां किसानों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और तत्काल नामांकन की सुविधा मिलेगी।
महिला स्वयं सहायता समूहों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीण महिला किसानों को बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसान गोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र किसानों का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। अभियान के माध्यम से किसानों तक विभाग, इफको और चीनी मिलों द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी पहुंचाई जाएगी।









