
राज्यपाल को विधान परिषद का धन्यवाद प्रस्ताव भेंट
लखनऊ, 19 मई 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने मंगलवार को माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट कर 09 फरवरी 2026 को राज्य विधान मण्डल के समवेत दोनों सदनों के समक्ष दिए गए अभिभाषण के प्रति विधान परिषद द्वारा पारित धन्यवाद प्रस्ताव औपचारिक रूप से उन्हें प्रेषित किया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 16 फरवरी 2026 को सम्पन्न बैठक में राज्यपाल महोदया के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। सभापति श्री कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उक्त प्रस्ताव की प्रति राज्यपाल महोदया को सौंपते हुए सदन की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की।
धन्यवाद प्रस्ताव में कहा गया कि, “यह सदन मा० राज्यपाल के अभिभाषण के लिए, जो उन्होंने राज्य विधान मण्डल के एक साथ समवेत दोनों सदनों के समक्ष दिनांक 09 फरवरी 2026 को दिया है, कृतज्ञतापूर्वक धन्यवाद प्रकट करता है।”
इस अवसर पर सभापति ने कहा कि राज्यपाल महोदया के अभिभाषण में प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है, जो प्रदेश की प्रगति एवं समृद्धि के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।









