
75 जनपदों के 375 युवाओं ने केंद्रीय बजट 2026 पर रखे विचार, ‘मेरा युवा भारत’ के साथ तैयार किया राष्ट्र निर्माण का रोडमैप
लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 का तीन दिवसीय आयोजन रविवार को भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। 01 से 03 मई तक चले इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से चयनित 375 युवाओं ने हिस्सा लिया और केंद्रीय बजट 2026 विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यह युवा संसद युवाओं की आत्मशक्ति के जागरण का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, स्पष्ट लक्ष्य और कुछ कर गुजरने का जज़्बा ही युवा की पहचान है, और यही ऊर्जा विकसित भारत के निर्माण की दिशा तय करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें स्टार्टअप, नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है। इस तरह के मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक समझ को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने 3-3 मिनट के निर्धारित समय में रोजगार, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण जैसे विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दीं। गांवों और कस्बों से आए युवाओं ने अपनी जमीनी समझ के साथ वैश्विक दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया, जिससे पूरा विधानसभा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने युवाओं के उत्साह, अनुशासन और विजन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जालौन के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बलिया की शिप्रा सिंह द्वितीय और कानपुर नगर की रश्मि रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहीं। ये विजेता अब राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित युवा संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिभागियों का मूल्यांकन विधायक डॉ. नीरज बोरा, डॉ. सुरभि और शशांक वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं को भविष्य का नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर माय भारत उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।








