
किंग्स्टन में गर्मजोशी से स्वागत, तीन देशों की यात्रा से मजबूत होंगे भारत के रिश्ते
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर जमैका पहुंच गए हैं। राजधानी किंग्स्टन में उनका स्वागत जमैका की विदेश मंत्री कामिना जे. स्मिथ ने गर्मजोशी के साथ किया।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि जमैका की अपनी पहली यात्रा पर पहुंचकर उन्हें खुशी हो रही है और स्वागत से वे अभिभूत हैं। उन्होंने बताया कि इस दो-दिवसीय दौरे के दौरान वे वहां के नेतृत्व, कारोबारी समुदाय और भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि उन्हें इस यात्रा के दौरान होने वाली चर्चाओं का बेसब्री से इंतजार है। यह दौरा उनके व्यापक कैरिबियाई दौरे का हिस्सा है, जिसके तहत वे जमैका के साथ-साथ सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो का भी दौरा करेंगे।
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, 2 से 10 मई तक चलने वाली यह यात्रा भारत और इन कैरिबियाई देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रवासी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।








