
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिल गया है। सूत्रों के अनुसार, एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लग गई है। उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में किए जाने की संभावना है। नियुक्ति के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा तीन वर्ष तक ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर रहेंगे।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब 38 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने लड़ाकू विमान पायलट, कॉम्बैट इंस्ट्रक्टर और टेस्ट पायलट के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वायुसेना में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करने के दौरान उन्हें प्रशासन, नेतृत्व और संचालन का व्यापक अनुभव हासिल हुआ है। उनके अनुभव को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी कार्यों के लिए उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
5500 से ज्यादा आवेदन आए
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए देशभर से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। जानकारी के मुताबिक, इस पद के लिए 5500 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया के बाद चयन समिति ने उम्मीदवारों की छंटनी की और 18 नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके बाद चयन के अगले चरण में उम्मीदवारों से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे गए।
सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों से उनके खान-पान, रहन-सहन और हिंदू धर्म से जुड़ी मान्यताओं के बारे में भी सवाल किए गए। चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनी।
प्रशासन से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक जिम्मेदारी
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के तौर पर जितेंद्र मिश्रा की जिम्मेदारी काफी व्यापक होगी। उन्हें मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ वित्तीय और कानूनी प्रबंधन की निगरानी करनी होगी। मंदिर परिसर के संचालन, विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय और ट्रस्ट से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक मामलों में भी CEO की भूमिका अहम होगी।
राम मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और भविष्य में विकसित होने वाली विभिन्न सुविधाओं को देखते हुए ट्रस्ट के कामकाज को व्यवस्थित तरीके से संचालित करना बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में CEO का पद ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तीन सदस्यीय कमेटी ने किया चयन
CEO के चयन के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से तीन सदस्यों की चयन समिति बनाई गई थी। इस समिति में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल थे। इसी समिति ने प्राप्त आवेदनों और उम्मीदवारों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। आधिकारिक घोषणा के बाद उनकी नियुक्ति और जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।







