
मोदी सरकार के 12 वर्ष सुशासन, सेवा और जनकल्याण को समर्पित : मंत्री संदीप सिंह
मथुरा/लखनऊ, 13 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण के” अभियान के तहत शनिवार को मथुरा में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और गरीब उत्थान से जुड़ी उपलब्धियों को साझा किया।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का संकल्प धरातल पर साकार हुआ है। डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) और आधार आधारित पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है। इससे लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया और लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत सुनिश्चित हुई।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। मुद्रा योजना के तहत 57 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिससे युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के विस्तार से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध हुआ है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।
मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। देश में 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्का आवास मिला है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
डिजिटल इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। डिजिटल डैशबोर्ड के जरिए सरकारी योजनाओं की निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) ने सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया है।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए संदीप सिंह ने बताया कि देश में 23 नए एम्स एवं चिकित्सा संस्थानों को स्वीकृति दी गई है। मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है, जिससे स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां केवल जवाबदेही का प्रमाण नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, डिजिटल परिवर्तन और सुशासन के आधार पर भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
मथुरा जनपद में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 3.10 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, कन्या सुमंगला योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से लाखों लोगों को लाभ मिला है। जिले में 9.62 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं तथा 4.64 लाख से अधिक परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में तेजवीर सिंह,विनोद अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








