
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम विशाख जी ने की समीक्षा, सितंबर में पूरी होगी कार्मिकों की तैनाती
एचएलबी के पुनर्गठन से लेकर प्रशिक्षण और मानचित्र सत्यापन तक की तैयारियों पर दिए निर्देश
लखनऊ, 1 सितंबर 2026। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाख जी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन और एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन सहित जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
डीएम ने निर्देश दिए कि सितंबर माह में जनगणना कार्य के लिए आवश्यक सभी कार्मिकों की उपलब्धता और तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए। गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार करने के साथ ही उनके प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने को कहा गया।
अधिक आबादी वाले ब्लॉकों का होगा पुनर्गठन
जिलाधिकारी ने अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य गणनाकर्मियों पर काम का बोझ संतुलित रखना है।
उन्होंने चार्ज और पर्यवेक्षण क्षेत्रों के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान कराने के साथ स्थलीय सत्यापन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
एक कर्मचारी की दो जगह ड्यूटी न लगे
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी कर्मचारी की अलग-अलग चार्ज में दोहराई गई ड्यूटी न लगाई जाए। जहां तक संभव हो, कर्मचारियों की तैनाती उनके निवास स्थान अथवा कार्यस्थल के अनुरूप की जाए।
पिछली जनगणना के दौरान जिन विभागों से कर्मचारियों की उपलब्धता या कार्यमुक्ति को लेकर समस्याएं सामने आई थीं, ऐसे विभागों को चिन्हित कर समय रहते पत्राचार करने और आवश्यक कार्मिक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बिना ठोस कारण के नहीं मिलेगी कार्यमुक्ति
जिलाधिकारी ने कार्यमुक्ति और छूट से जुड़े मामलों की कड़ाई से समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी कर्मचारी को जनगणना कार्य से मुक्त न किया जाए।
उन्होंने उपलब्ध कार्मिक आंकड़ों का वर्ष 2024 के सामान्य निर्वाचन से जुड़े आंकड़ों से मिलान कर आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण एवं प्राप्ति तथा लंबित भुगतान प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने और एक समान अभिलेख के आधार पर सूचनाओं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना उप निदेशक डॉ. गौरव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









