
आईटीआई अलीगंज में जागरूकता कार्यक्रम, स्वरोजगार के लिए ऋण व प्रशिक्षण योजनाओं की दी जानकारी
लखनऊ। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार और युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईटीआई कॉलेज, अलीगंज में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई अलीगंज के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग विमल कुमार सिंह, क्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी एन. सिंह, समाज कल्याण विभाग के विवेक श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि ऋण एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर वे अपना उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। विभागीय योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं और प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी अवधेश कुमार गौतम ने प्रतिभागियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक युवाओं से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।







