
कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने YEIDA का दौरा कर निवेश संभावनाओं का लिया जायजा
ग्रेटर नोएडा, 26 जून 2026। कोरिया गणराज्य के व्यापार, उद्योग एवं ऊर्जा मंत्रालय तथा कोरिया ट्रेड-इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (KOTRA) के प्रतिनिधियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 25 जून 2026 को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का दौरा कर क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल में कोरिया गणराज्य के व्यापार, उद्योग एवं ऊर्जा मंत्रालय के निदेशक किम जिनसू, उपनिदेशक कोंग होंग कू, कोरिया गणराज्य के वाणिज्यिक काउंसलर सुंगजुंग चो, KOTRA दक्षिण एशिया मुख्यालय के प्रबंध निदेशक डोंगह्योन किम तथा KOTRA के भारत-कोरिया बिजनेस कोऑपरेशन सेल के कार्यकारी निदेशक जेवुक (जेक) ली शामिल थे।
दौरे के दौरान YEIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शैलेन्द्र कुमार भाटिया, आईएएस ने प्रतिनिधिमंडल को प्राधिकरण क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने क्षेत्र की उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की प्रगति तथा एस्कॉर्ट्स कुबोटा, HCL, फॉक्सकॉन सहित कई प्रमुख कंपनियों की बढ़ती औद्योगिक उपस्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि YEIDA क्षेत्र में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, चिकित्सा उपकरण, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स तथा अन्य उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से निवेश आ रहा है, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक और लॉजिस्टिक इकोसिस्टम और अधिक मजबूत हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल को सेक्टर-4A में प्रस्तावित “कोरियन सिटी” परियोजना की भी जानकारी दी गई, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में कोरियाई निवेश को आकर्षित और सुविधाजनक बनाना है। लगभग 900 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस बहुउद्देशीय परियोजना में औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक एवं संस्थागत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
प्रस्तुति के दौरान YEIDA क्षेत्र की उत्कृष्ट कनेक्टिविटी पर भी प्रकाश डाला गया। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से सीधी पहुंच को निवेशकों के लिए प्रमुख आकर्षण बताया गया।
दौरे के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने संभावित निवेश के लिए चिन्हित भूमि पार्सलों का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं का आकलन किया।







