
विश्व पर्यावरण दिवस पर अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा ने किया वृक्षारोपण
राजकीय शीतग्रह परिसर अलीगंज में फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए
पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर दिया विशेष जोर
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री बी.एल. मीणा ने शुक्रवार को राजकीय शीतग्रह परिसर, अलीगंज में फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। परिसर में लगभग 2000 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने मशरूम प्रयोगशाला प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 50 प्रशिक्षणर्थियों को पांच-पांच पौधे वितरित किए ।
श्री मीणा ने आम, आंवला, बेल, अमरूद तथा अन्य उपयोगी पौधों का रोपण करते हुए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।
अपर मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान को केवल पौधे लगाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पौधों का जीवित रहना ही वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है।
उद्यान निदेशक ने कहा कि फलदार एवं औषधीय पौधे पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ पोषण, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि के भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन से आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस अवसर पर वित्त नियंत्रक संजय कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक सर्वेश कुमार, उप निदेशक डीके वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी धीरेन्द्र सिंह सहित कार्मिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा प्रदेश को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।








