
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 होगा और भव्य, 80 देशों के खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और नवाचार आधारित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का प्रतिष्ठित आयोजन है, जिसमें उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, लोक संस्कृति और औद्योगिक प्रगति का व्यापक प्रदर्शन किया जाना चाहिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने “वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ODOC)” के तहत प्रदेश के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्वाद और पाक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। उन्होंने आयोजन की व्यापक ब्रांडिंग पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल, डीआईसी पोर्टलों, प्रमुख शहरों, एयरपोर्ट्स और मेट्रो नेटवर्क में बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने शहर के सौंदर्यीकरण, अप्रोच रोड की मरम्मत, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की अग्रिम तैयारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही एआई, रोबोटिक्स, डेयरी, उद्योग, मत्स्य और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में नवाचार आधारित प्रदर्शनों को शामिल करने पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा। इस वर्ष की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing & Exports” रखी गई है।
आयोजन में 80 से अधिक देशों के लगभग 550 विदेशी खरीदारों और 45 हजार से अधिक बी2बी खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य है। इसके माध्यम से करीब 5,000 करोड़ रुपये की बिजनेस इन्क्वायरी, 20,000 करोड़ रुपये की संभावित व्यावसायिक गतिविधियों तथा 5,000 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना जताई गई है।








