
यूपी रेरा की बड़ी मंजूरी: 10 जिलों में ₹1270 करोड़ की 15 परियोजनाओं को हरी झंडी
लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर, (यूपी-रेरा) ने ₹1,270.48 करोड़ से अधिक लागत की 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के जरिए 10 जिलों में करीब 3,102 आवासीय व व्यावसायिक इकाइयों का विकास होगा, जिससे प्रदेश में नियोजित शहरी विस्तार को गति मिलेगी।
यह निर्णय प्राधिकरण की 201वीं बैठक में लिया गया, जहां विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा के बाद नियामकीय मानकों के अनुरूप स्वीकृति प्रदान की गई। रेरा ने कहा कि समयबद्ध अनुमोदन और सख्त निगरानी से पारदर्शिता और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
- गौतम बुद्ध नगर — ₹507.77 करोड़ की 3 परियोजनाएं (380 आवासीय + 169 कमर्शियल यूनिट)
- लखनऊ — ₹90.77 करोड़ की 4 परियोजनाएं (330 आवासीय + 348 कमर्शियल यूनिट)
- मुरादाबाद — ₹335.77 करोड़ की परियोजना (627 यूनिट)
- बदायूं — ₹72 करोड़ (226 यूनिट)
- वाराणसी — ₹36.68 करोड़ (98 यूनिट)
- मेरठ — ₹20.25 करोड़ (76 यूनिट)
- प्रयागराज — ₹31.19 करोड़ (99 यूनिट)
- मुजफ्फरनगर — ₹12.37 करोड़ (127 यूनिट)
- गाजियाबाद — ₹122.18 करोड़ (330 कमर्शियल यूनिट)
- गोरखपुर — ₹41.50 करोड़ (292 कमर्शियल यूनिट)
इन परियोजनाओं से निर्माण क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही निर्माण सामग्री, इंजीनियरिंग, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में भी मांग बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण पारदर्शी और जवाबदेह रियल एस्टेट विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समयबद्ध मंजूरी और कड़ी निगरानी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और घर खरीदारों के हित सुरक्षित हुए हैं।
यह निर्णय उत्तर प्रदेश में संगठित और संतुलित शहरी विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








