
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में मई से बिछेगा ट्रैक, जनवरी 2027 तक ट्रायल ट्रेन की तैयारी
उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। 2027 की शुरुआत में ट्रायल ट्रेन दौड़ाने की तैयारी है, जिससे 125 किमी का सफर महज 2 घंटे में सिमट जाएगा। इस परियोजना का सीधा लाभ देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले को मिलेगा।
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) 2026 से शिवपुरी-ब्यासी के 13 किमी लंबे सेक्शन पर ट्रैक बिछाना शुरू करेगा, और इसी हिस्से पर सबसे पहले ट्रायल ट्रेन चलाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 तक ट्रायल रन संभव है। पूरी परियोजना को दिसंबर 2028 तक कर्णप्रयाग तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद ऋषिकेश से कर्णप्रयाग का करीब 6 घंटे का सफर घटकर सिर्फ 120 मिनट रह जाएगा।









