
राजधानी दिल्ली यमुनापार के उत्तर पूर्वी जिला नंद नगरी इलाके में सोमवार रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई, जहां मामूली कहासुनी में नाबालिग भतीजे ने अपने ही चाचा की चाकू से मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा की माने तो मृतक की पहचान सुंदर नगरी निवासी 48 वर्षीय पन्नालाल के तौर पर हुई है. डीसीपी के मुताबिक सोमवार रात तकरीबन 8:00 बजे नंद नगरी थाना पुलिस को सुंदर नगरी इलाके के जी ब्लॉक में एक शख्स को चाकू मारे जाने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही नंद नगरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. तब तक घायल को जी टीबी अस्पताल ले जाया जा चुका था. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक ने अपनी नाबालिग भतीजी को किसी बात पर डांट दिया था. इस बात से नाराज होकर भतीजी ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी. गुस्से में आए लड़के ने मौके पर पहुंचकर चाचा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.









