Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

बेटियों की मुस्कान से खिल उठा मुख्यमंत्री आवास का ‘आंगन’

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Author Image
Written by
Bureau Report

बेटियों की मुस्कान से खिल उठा मुख्यमंत्री आवास का ‘आंगन’

रक्षाबंधन पर ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम का आयोजन

स्कूली बच्चियों ने बांधी स्नेह की डोर, मुख्यमंत्री ने दोहराया सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संकल्प

लखनऊ, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास का आंगन उस समय बेटियों की चहलकदमी और मुस्कान से खिल उठा, जब ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह, विश्वास और अपनत्व का भाव प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहनों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Advertisement Box

मुख्यमंत्री ने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पवित्र धागे में दिखा बहनों का स्नेह और विश्वास

कार्यक्रम के दौरान बच्चियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी छात्राओं को आशीर्वाद और उपहार प्रदान किए। छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया और उनसे विभिन्न प्रश्न पूछे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी के सवालों के जवाब दिए।

राखी के इस पवित्र धागे में जहां बहनों का स्नेह और विश्वास नजर आया, वहीं मुख्यमंत्री की ओर से बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्प का भाव भी दिखाई दिया। कार्यक्रम का वातावरण पारिवारिक आत्मीयता और अपनत्व से भर गया।

विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं हुईं शामिल

स्नेह बंधन कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज और लखनऊ पब्लिक कॉलेज, ए-ब्लॉक राजाजीपुरम सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी राखी

अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति और तंजीम फातिमा सहित छात्राओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।

इस अवसर पर ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार’ की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखी भेजकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

छात्राओं ने किया संवाद, मुख्यमंत्री ने दिया ऑटोग्राफ

मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चियों से आत्मीय संवाद किया। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी और सुकैना सहित छात्राओं ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और उनसे सवाल पूछे।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने संस्कृति स्कूल की छात्रा अनायसा भार्गव को ऑटोग्राफ भी दिया।

मुख्यमंत्री ने बच्चियों संग ली सेल्फी, खिंचवाई फोटो

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चियों के साथ सेल्फी ली और फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा-8 की छात्रा नंदिनी ने अपने हाथ से बनाया रक्षाबंधन बधाई कार्ड मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने नंदिनी की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन और हौसला बढ़ाया।

आज का राशिफल

वोट करें

आमिर की अगली फिल्म 'सितारे जमीन पर' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ। क्या यह फिल्म आमिर को बॉक्स ऑफिस पर सफलता दिला पाएगी?

और भी पढ़ें

WhatsApp