
ऐशबाग रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाला गिरोह पकड़ा, 8 गिरफ्तार
लखनऊ। ऐशबाग रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ पिलाने और उनसे लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ बाजारखाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी यात्रियों को झांसे में लेकर नशीला पदार्थ पिलाते थे। इसके बाद उनके साथ मारपीट और धमकी देकर डिजिटल माध्यम से रुपये ट्रांसफर कराते थे।
डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में थाना बाजारखाला प्रभारी बृजेश सिंह की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह में हड़कंप मचा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।









