
रेलवे देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार : मुख्य सचिव
प्रशिक्षु रेलवे अधिकारियों ने मुख्य सचिव एस.पी. गोयल से की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल से शुक्रवार को योजना भवन में इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (IRMS) एवं इंडियन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स सर्विस (IRPFS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।
मुख्य सचिव ने कहा कि रेलवे देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। भारतीय रेलवे के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध होती है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों तथा कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में भारतीय रेलवे ने देशवासियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने रेलवे सेवाओं में चयनित होने पर प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करेंगे।
इस दौरान मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों से उनके प्रशिक्षण, अनुभव, कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और सेवाकाल के दौरान आने वाली विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी जवाब दिया और उन्हें बेहतर कार्य के लिए मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी, कोर्स डायरेक्टर प्रांजल्य पार्थ लाठे सहित इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस एवं इंडियन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स सर्विस के प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहे।








