
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रयागराज में विविध कार्यक्रम
देश की एकता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देंगे : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क, प्रयागराज में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ संस्कृति विभाग की ओर से विभाजन विभीषिका से संबंधित लगाई गई अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विस्थापित परिवारों के परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए। उपमुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों के परिजनों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत का संकल्प
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देंगे। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र के साथ विश्वगुरु बनाने का संकल्प लेना होगा।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका इतिहास के उन काले अध्यायों की याद दिलाती है, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। इतिहास केवल अध्ययन का विषय नहीं है, बल्कि उससे गलतियों से सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाने और गौरवशाली क्षणों से प्रेरणा लेने का संकल्प भी मिलता है।
विभाजन का घाव कभी नहीं भर सकता
उपमुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी से पहले की परिस्थितियों और विभाजन की पीड़ा को देखने या पढ़ने वाले हर व्यक्ति के मन में यह सवाल उठता है कि देश का विभाजन क्यों हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा न आएं, इसके लिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, देश का विभाजन अब कभी नहीं होने देने का संकल्प लेना होगा। देश का विभाजन ऐसा घाव है, जो कभी पूरी तरह भर नहीं सकता। विभाजन के कारणों को जानना और उनसे सीख लेना सभी का दायित्व है।
भारत से होकर गुजरता है शांति और प्रगति का रास्ता
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश दिया है। आज शांति का रास्ता भारत से होकर जाता है, प्रगति का रास्ता भारत से होकर जाता है और सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ जीवन जीने की भावना भी भारत से होकर जाती है।
कार्यक्रम में महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष काशी क्षेत्र अश्वनी सिंह पटेल, अवधेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर, क्षेत्रीय अभिलेखागार अधिकारी राकेश वर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।








