
मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का उद्घाटन, किसानों की समृद्धि के लिए सहकारिता सबसे प्रभावी माध्यम: ए.के. शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जनपद मऊ के मधुबन स्थित जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की शाखा के नवीन भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने नवीन भवन के निर्माण पर क्षेत्रवासियों, बैंक प्रबंधन एवं सहकारी समिति के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यदि पिछले 70 वर्षों में सहकारी बैंकों और समितियों पर पर्याप्त ध्यान दिया गया होता, तो ऐसे आधुनिक भवन बहुत पहले बन चुके होते।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सहकारिता क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार “सहकार से समृद्धि” का संकल्प लेकर इस क्षेत्र को नई दिशा दी है। आज सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली सामूहिक प्रयासों और सहकारिता की भावना से ही संभव है। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए।
घोसी चीनी मिल के संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्य कर रही है। आगामी पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए लगभग 5 से 6 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, दीर्घकालिक योजना के तहत केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से घोसी चीनी मिल को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि यह प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की अग्रणी आधुनिक चीनी मिलों में शामिल हो सके।
कार्यक्रम के बाद मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने बार्क (BARC) में वैज्ञानिक के रूप में चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाने वाले युवा हिमांशु वर्मा के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने हिमांशु वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शुभम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक विजय प्रकाश वर्मा, गिरिजा शंकर मौर्य सहित सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।









