
वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात: 12 लाख शिक्षकों को कैशलेस इलाज, 1.10 करोड़ छात्रों के लिए ₹1,200 डीबीटी जारी
योगी आदित्यनाथ ने आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक एवं उनके आश्रितों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से ₹1,200 प्रति छात्र की राशि भी हस्तांतरित की। इस राशि का उपयोग यूनिफॉर्म, जूते, मोज़े, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी की खरीद के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जीवन बीमा, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, स्थायी दिव्यांगता कवर और हवाई दुर्घटना बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में ‘क्लीन एंड ग्रीन स्कूल योजना’ के तहत राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है। उन्होंने बताया कि इससे शिक्षक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त होकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में और अधिक समर्पित होकर कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश का ड्रॉपआउट रेट 15 प्रतिशत था, जो घटकर 2026 में 3 प्रतिशत रह गया है। साथ ही, प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय को कक्षा 12 तक उन्नत कर दिया गया है। साथ ही, उत्तर प्रदेश के 12 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर ‘क्लीन एंड ग्रीन स्कूल’ पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।








