
अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन हो: मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पतालों, नर्सिंग होम्स, मेडिकल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जनपद में विशेष टीम गठित कर व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस भवन को जिस उद्देश्य के लिए स्वीकृति मिली है, उसका उपयोग उसी कार्य के लिए किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बेसमेंट में कोचिंग संस्थान, नर्सिंग होम अथवा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम को और कम करने पर जोर देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अग्निशमन विभाग को आधुनिक संसाधनों और उन्नत तकनीकी सुविधाओं से सशक्त बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।








