
उत्तर प्रदेश ने बिजली मांग पूरी करने में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, 32,348 मेगावाट की ऐतिहासिक उपलब्धि
लखनऊ, 22 जून। उत्तर प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश में सर्वाधिक विद्युत मांग पूरी करने वाला राज्य बनने का गौरव हासिल किया है। राज्य में 21 जून 2026 की रात 10:47 बजे 32,348 मेगावाट की रिकॉर्ड विद्युत मांग सफलतापूर्वक पूरी की गई।
इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश ने 13 मई 2026 को महाराष्ट्र द्वारा स्थापित 32,317 मेगावाट की अधिकतम विद्युत मांग पूर्ति का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा 21 जून को प्रदेश में 67.7 करोड़ यूनिट विद्युत ऊर्जा की खपत दर्ज की गई, जो देश के अधिकांश राज्यों से अधिक रही।
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय नरेंद्र मोदी तथा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊर्जा क्षेत्र की यह उपलब्धि अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए गए व्यापक सुधारों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी आबादी की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ रिकॉर्ड स्तर की मांग को भी सफलतापूर्वक पूरा कर पा रहा है।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बावजूद प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है। यह सफलता उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन, राज्य लोड डिस्पैच सेंटर, उत्पादन निगम तथा विद्युत क्षेत्र से जुड़े सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों की मेहनत, दक्षता और समर्पण का परिणाम है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विद्युत विभाग से जुड़े हजारों अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे सतर्क रहकर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश भविष्य में भी ऊर्जा क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा तथा प्रदेशवासियों को और बेहतर, आधुनिक एवं विश्वसनीय विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत रहेगी।






