
भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज जसपाल राणा का निधन, 49 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की पुष्टि नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अध्यक्ष कालीकेश नारायण सिंह देव ने की।
जानकारी के अनुसार, 1 जून को जर्मनी के म्यूनिख से लौटते समय फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। दिल्ली पहुंचने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के बाद उनके हृदय में स्टेंट डाला गया था। उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी रही और शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल थे। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में 9 स्वर्ण पदक सहित कई पदक जीते थे। एशियाई खेलों में भी उन्होंने 4 स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। खिलाड़ी के साथ-साथ उन्होंने कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों और राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय खेलों के लिए उनकी सेवाओं को याद किया।







