
सीएम योगी ने जेवर एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा की
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक में प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और YEIDA क्षेत्र में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 15 जून से प्रस्तावित उड़ान संचालन से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ की जाए तथा प्रथम चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार पर भी जोर दिया। साथ ही आगरा-लखनऊ–पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे, जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे और झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण जून अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जेवर एयरपोर्ट के निकट प्रस्तावित एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब और उन्नाव की एक्वा ब्रिज परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और मत्स्य आधारित उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए आधुनिक प्रोसेसिंग एवं निर्यात सुविधाएं विकसित की जाएं।
इसके अलावा लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क परियोजनाओं को प्रदेश के कृषि और औद्योगिक विकास से जोड़ते हुए तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने हेतु निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सेल गठित कर इन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।








