
लखनऊ बार एसोसिएशन में अंकित मिश्रा ‘गोरखा’ कार्यकारिणी अध्यक्ष बने
अधिवक्ताओं के सम्मान और सुरक्षा का भरोसा
लखनऊ। लखनऊ बार एसोसिएशन में कनिष्ठ कार्यकारिणी के गठन में अंकित मिश्रा ‘गोरखा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कार्यकारिणी अध्यक्ष का पद हासिल किया। कुल 20 सदस्यों में शीर्ष स्थान पाने के बाद उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखने का संकल्प व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकित मिश्रा ‘गोरखा’ ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान को हर हाल में बढ़ाया जाएगा और उनकी किसी भी समस्या में संगठन मजबूती से साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाने की बात कही। साथ ही सरकार से अधिवक्ताओं के लिए मुफ्त सुरक्षा बीमा योजना लागू करने की भी मांग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में धारा 151 की कार्यवाही न्यायालय के बाहर पुलिस द्वारा परिसर में की जा रही है, जिस पर संगठन आपत्ति दर्ज कराएगा और इसके लिए स्पष्ट व्यवस्था की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक स्थायी पुलिस अधिकारी की तैनाती की भी मांग की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए एक न्यायालय कक्ष उपलब्ध कराने की मांग भी की जाएगी। इसके लिए संगठन द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है।
अंकित मिश्रा ने कहा कि उनका पूरा प्रयास अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में रहेगा।







