
नई दिल्ली/जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। घटना को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की नेता रत्ना सिंह ने सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
रत्ना सिंह ने अपने वीडियो बयान में जमुई की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि देश में विकास और बदलाव की बात की जाती है, लेकिन दूसरी ओर सार्वजनिक स्थान पर एक नाबालिग लड़की के साथ इस तरह का कथित व्यवहार चिंता का विषय है। उन्होंने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के दौरान उन्हें किसी तरह का डर नजर नहीं आ रहा था।
उन्होंने कहा, “नए भारत में आपका स्वागत है, जहां आप देख रहे हैं कि खुलेआम हमारे देश में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप करने की कोशिश की गई।” रत्ना सिंह ने आरोप लगाया कि वीडियो में लड़की के साथ जिस तरह का व्यवहार दिखाई दे रहा है, वह बेहद शर्मनाक है।
‘किसने दिया ऐसा करने का अधिकार?’
सीजेपी नेता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी लड़की या युवक को रास्ते में रोकने और उनके साथ बदसलूकी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके अधिकार से युवकों ने कथित तौर पर दोनों को रोका और लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किया।
रत्ना सिंह ने कहा, “किस तरह से छू रहे हैं, किस तरह से बात कर रहे हैं… मैं इस बात को नहीं पचा पा रही हूं कि आज के समय में जब हम कहते हैं कि हमारे देश का विकास हो रहा है, सारी चीजें हो रही हैं, वहां इस तरीके से कपल के साथ जाकर आप उन्हें रोकें? किसने अधिकार दिया? फिर लड़की के साथ ऐसे व्यवहार करें? बहुत ही शर्म की बात है।”
कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
उन्होंने घटना में शामिल लोगों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो रिकॉर्ड होने के बावजूद आरोपियों में किसी तरह का डर दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून का डर और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
रत्ना सिंह ने सवाल किया कि अगर ऐसी घटना उनके परिवार की किसी महिला के साथ हो तो क्या वे इसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को इस तरह की घटनाओं पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने हाल में सामने आए अन्य यौन अपराधों का भी जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। रत्ना सिंह ने कहा कि देश में लगातार ऐसी घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं और ऐसे मामलों में प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
जमुई मामले में पुलिस पहले ही कार्रवाई शुरू कर चुकी है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।








