
प्रयागराज। शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं। इनमें सहायक अध्यापक, सहायक अध्यापक शहरी और प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के पद शामिल हैं। सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी के 897 पद रिक्त हैं। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक शहरी के 11,508 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को प्रस्तावित है।
PGT के 2607 पदों पर भी भर्ती
आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के 2,607 पदों पर भर्ती के लिए भी अलग विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी की गई है।
पीजीटी पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 17 अक्टूबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर तय की गई है। पीजीटी पदों की परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को कराई जाएगी।
OTR के बाद ही कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही संबंधित पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई सभी जानकारियों और निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। साथ ही पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी भी पहले से जांच लें।
आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि पदों की अर्हता और पात्रता से संबंधित अलग से कोई परामर्श उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई शर्तों को स्वयं अच्छी तरह समझने की सलाह दी गई है।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।








