
मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ लंबे समय से चर्चा में है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसके टीजर, गानों और प्रमोशनल मटेरियल को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, फिल्म के कुछ प्रमोशनल दृश्यों और महिलाओं के चित्रण को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना भी देखने को मिली। अब प्री-रिलीज इवेंट में यश ने इन चर्चाओं पर खुलकर अपनी बात रखी और फिल्म का बचाव किया।
कार्यक्रम के दौरान जब यश ने बड़ी संख्या में महिला प्रशंसकों को देखा तो उन्होंने फिल्म में महिलाओं की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब दिया। अभिनेता ने कहा कि समाज में लोगों के नजरिए अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन उनके लिए सम्मान हमेशा काम से हासिल होता है। यश ने फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कहानी में महिलाओं के मजबूत पक्ष को सामने रखा है।
यश के मुताबिक, फिल्म में महिला किरदारों को केवल कहानी का हिस्सा नहीं बनाया गया है, बल्कि उन्हें अपनी बात रखने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने वाली मजबूत शख्सियतों के तौर पर दिखाया गया है। उन्होंने महिला दर्शकों से अपील की कि वे केवल टीजर या ट्रेलर के आधार पर फिल्म को लेकर राय न बनाएं, बल्कि पूरी फिल्म देखने के बाद अपना फैसला करें।
फिल्म के टीजर में दिखाए गए एक इंटीमेट दृश्य और कियारा आडवाणी के साथ फिल्माए गए ‘तबाही’ गाने को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। कुछ दर्शकों ने आरोप लगाया कि फिल्म में महिलाओं को पुरुष दर्शकों की पसंद के हिसाब से पेश किया गया है। हालांकि, यश ने इन चर्चाओं को लेकर कहा कि फिल्म में दर्शकों को ट्रेलर से कहीं ज्यादा देखने को मिलेगा।
उन्होंने खास तौर पर युवा लड़कियों और महिला दर्शकों से सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। यश ने भरोसा जताया कि फिल्म देखने के बाद महिला दर्शकों को इसके किरदार और कहानी पसंद आएगी।
‘टॉक्सिक’ एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर कर रहे हैं। फिल्म में यश के साथ नयनतारा, तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी। फिल्म को लेकर यश के बयान के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।







