
पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। संगरूर में आयोजित कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिस सोच के चलते सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी, वह सोच आज भी पंजाब में मौजूद है। इस दौरान राहुल गांधी ने मूसेवाला के पिता को मंच पर बुलाया और उनके परिवार के दर्द का जिक्र करते हुए न्याय की मांग उठाई।
राहुल गांधी ने सुनाया सिद्धू मूसेवाला से मुलाकात का किस्सा
रैली के दौरान राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कई साल पहले सिद्धू उनसे मिलने आए थे और कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। राहुल गांधी के मुताबिक, उस समय उन्हें सिद्धू के गानों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व ने उन्हें प्रभावित किया था। इसके बाद सिद्धू मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हुए।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उस समय एहसास हुआ था कि सिद्धू राजनीति की चुनौतियों को पूरी तरह नहीं समझते थे। वह एक प्रतिभाशाली कलाकार थे, जो अपनी मेहनत और हुनर के दम पर आगे बढ़ना चाहते थे। राहुल ने कहा कि वह सिद्धू की राजनीतिक सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे।
प्रतिभाशाली लोगों को डराने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने पंजाब में प्रतिभाशाली लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ऐसी स्थिति बन रही है, जहां अपने हुनर के दम पर पहचान बनाने वाले लोगों को डराया और धमकाया जा रहा है।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक कलाकार की हत्या नहीं थी, बल्कि उस सोच को भी उजागर करती है, जिसमें प्रतिभाशाली लोगों को निशाना बनाया जाता है। राहुल गांधी ने मूसेवाला की सुरक्षा हटाए जाने के बाद हुई हत्या का भी उल्लेख किया।
मूसेवाला के पिता के दर्द को किया याद
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के दर्द का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह मूसेवाला के परिवार से मिलने पहुंचे थे, तब उनके पिता ने बेटे को खोने के दुख को बयां किया था।
राहुल गांधी ने कहा कि एक पिता के लिए अपने बेटे को खोने का दर्द बेहद असहनीय होता है। उन्होंने मूसेवाला के पिता की भावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटे का शव देखने की पीड़ा को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।
नशे और गैंगस्टरवाद पर भी सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने पंजाब में नशे की समस्या और बढ़ते अपराध को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव को लेकर वह पहले भी चिंता जता चुके हैं, लेकिन उस समय उनके बयानों पर सवाल उठाए गए थे।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश में रोजगार, उद्योग और खेती-किसानी मजबूत होना जरूरी है। यदि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलेंगे और उद्योगों का विकास नहीं होगा, तो नशे और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याओं को रोकना मुश्किल होगा। उन्होंने प्रदेश में गोलीबारी और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले गरमाई पंजाब की राजनीति
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में राहुल गांधी की संगरूर रैली को कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रैली में कानून-व्यवस्था, नशे और गैंगस्टरवाद जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की।
गौरतलब है कि 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था और गोल्डी बराड़ पर भी साजिश में शामिल होने के आरोप लगे थे।








