
खादी को आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी से जोड़ने पर जोर
लखनऊ में ‘परंपरा से प्रगति की ओर भविष्य बुनती खादी’ विषय पर आयोजित बैठक में प्रदेश की 63 खादी संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने की।
बैठक में खादी को आधुनिक तकनीक, डिजाइनिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और पैकेजिंग से जोड़ने के साथ-साथ गुणवत्ता में सुधार पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान खादी की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए उसे आधुनिक और प्रतिस्पर्धी स्वरूप देने की जरूरत पर जोर दिया गया।
मंत्री राकेश सचान ने खादी में सतत विकास, पर्यावरण अनुकूल उत्पादन और रोजगार व आजीविका के नए अवसर सृजित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने खादी को नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाने तथा युवाओं, कारीगरों, खादी संस्थानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में खादी संस्थाओं ने क्षेत्रीय स्तर की समस्याओं और अपने सुझाव साझा किए। साथ ही उत्तर प्रदेश की खादी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और आकर्षक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल सागर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर, संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सिद्धार्थ यादव समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









