
रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस का बड़ा अभियान शुरू
जहरखुरानी और पथराव की घटनाओं पर लगेगी रोक, यात्रियों को किया जाएगा जागरूक
लखनऊ। रेल यात्रियों की सुरक्षा और जहरखुरानी तथा पथराव जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी. की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाली ट्रेनों, जीआरपी के सभी थानों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसरों में बैनर, पोस्टर और स्टिकर के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।
यात्रियों को विशेष रूप से जहरखुरानी से बचाव के लिए सतर्क किया जाएगा। उन्हें अनजान और संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने तथा किसी अजनबी द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ का सेवन नहीं करने की अपील की जाएगी।
पथराव और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर
रेल पटरियों पर वस्तु रखने, ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर यात्रियों और आम लोगों को तत्काल जीआरपी पुलिस अथवा रेल प्रशासन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने अभियान को व्यापक और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक रेल यात्रियों तक सुरक्षा संदेश पहुंचाया जा सके। पुलिस का उद्देश्य जनसहयोग के माध्यम से रेल अपराधों और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
जीआरपी द्वारा रेल परिसरों और ट्रेनों में लगातार चेकिंग, गश्त और जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (रेलवे), लखनऊ रोहित मिश्रा, स्टाफ ऑफिसर डीजी (रेलवे) अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









