
नई दिल्ली। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में संगठन की कमान बदल दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को तीनों राज्यों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। बिहार चुनाव में भाजपा की जीत के दौरान पार्टी के प्रभारी रहे विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। गुजरात के नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने एक दिन पहले अपनी नई टीम का ऐलान किया था, जिसमें 65 पदाधिकारियों की घोषणा की गई थी। तीनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में नई नियुक्तियों को भाजपा की चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
तावड़े को यूपी की बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्य की जिम्मेदारी दी गई है। तावड़े इससे पहले हरियाणा और बिहार के प्रभारी रह चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था, जबकि सितंबर 2022 में बिहार की जिम्मेदारी मिली। 2024 में भी वह बिहार के प्रभारी रहे और 2025 में उनके प्रभार में भाजपा ने बिहार में जीत दर्ज की। महाराष्ट्र में लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहे तावड़े राज्य सरकार में मंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं।
403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में चुनाव होने की संभावना है। फिलहाल यहां भाजपा की सरकार है और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य में झटका लगा था। समाजवादी पार्टी 37 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि भाजपा 33 सीटों पर रह गई। ऐसे में 2027 का चुनाव भाजपा के लिए सत्ता बरकरार रखने के साथ अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की बड़ी परीक्षा होगा।
पंजाब में पूनिया, गुजरात में चुग
पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को दी गई है। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पूनिया 2024 में हरियाणा के प्रभारी बनाए गए थे। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के दौरान भी वह राज्य के प्रभारी थे। जून 2026 में पूनिया राज्यसभा सांसद चुने गए। 117 सीटों वाले पंजाब में अगले साल फरवरी में चुनाव होने हैं। यहां आम आदमी पार्टी की सरकार है और भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं। भाजपा 2027 में सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
गुजरात का प्रभारी तरुण चुग को बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद चुग तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं। गुजरात में 182 विधानसभा सीटें हैं और दिसंबर 2027 तक चुनाव होने की संभावना है। राज्य में भाजपा की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। 2022 में भाजपा ने 156 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया था। अब पार्टी के सामने इस प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।
तीनों राज्यों में नई नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और अपनी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।







