
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने अजय खुंडिया को अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा का हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे अजय खुंडिया की नियुक्ति को पार्टी ने अनुसूचित समाज के बीच संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना है।
अजय खुंडिया वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी जय नारायण खुंडिया के पौत्र हैं। वे बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। छात्र जीवन में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की और रोहतक जिले में जिला सदस्यता प्रमुख के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के रोहतक जिला अध्यक्ष सहित संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए।
वर्ष 2019 में उन्हें विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार सामग्री वितरण का प्रदेश सह-संयोजक बनाया गया। इसके बाद युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव, लोकसभा चुनाव में क्लस्टर प्रमुख तथा रोहतक लोकसभा क्षेत्र में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने प्रवासी प्रभारी के रूप में संगठन के लिए काम किया। नियुक्ति से पहले वह एससी मोर्चा के प्रदेश सचिव और फतेहाबाद के प्रभारी थे। अजय खुंडिया राष्ट्रपति स्काउट अवार्ड से भी सम्मानित हैं।







