
भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने लोकसभा में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण मांग उठाई है। संसद में नियम 377 के तहत अपनी बात रखते हुए उन्होंने मांग की है कि भदोही के कंधिया क्षेत्र में वर्षों से अनुपयोगी पड़ी औद्योगिक भूमि पर एम्स (AIIMS) की तर्ज पर एक आधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित किया जाए।
गौरतलब है कि बीते दिनों ‘अवध सूत्र’ के पॉलिटिकल एडिटर ऋषभ राय ने सांसद डॉ. विनोद बिंद से मुलाकात कर इस जनहित के मुद्दे को लेकर चर्चा की थी और इस मांग को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया था।
सांसद डॉ. बिंद ने सदन को अवगत कराया कि कंधिया में औद्योगिक विकास योजना के लिए वर्ष 2002 में भारी मात्रा में भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जो लंबे समय से लंबित पड़ी है।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस बेकार पड़ी भूमि को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवंटित किया जाए। यदि यहाँ एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनता है, तो भदोही के अलावा पड़ोसी जिलों वाराणसी, जौनपुर और मिर्जापुर सहित पूरे पूर्वांचल के लाखों लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वयं पेशे से डॉक्टर होने के नाते सांसद ने इस ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है।







