
15 अगस्त 2027 से दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर का पहला चरण होगा शुरू
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा 15 अगस्त 2027 से चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। देश के पहले हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के तहत सबसे पहले सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर संचालन शुरू होगा।
508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को विभिन्न चरणों में चालू किया जाएगा, ताकि पूरे प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से पहले ही यात्रियों को हाई-स्पीड रेल सेवा का लाभ मिल सके। सूरत-बिलिमोरा खंड के बाद क्रमशः वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन शुरू किए जाएंगे।
रेल मंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह परियोजना देश में आधुनिक रेल तकनीक की शुरुआत के साथ-साथ मुंबई और अहमदाबाद जैसे दो प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच यात्रा समय को काफी कम करेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि कॉरिडोर के आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और निवेश को भी बढ़ावा देगी।
दक्षिण भारत में भी बनेंगे नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
अश्विनी वैष्णव ने देश में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हैदराबाद को केंद्र में रखकर तीन नए प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें-
- पुणे–हैदराबाद
- हैदराबाद–चेन्नई
- हैदराबाद–बेंगलुरु
रूट शामिल हैं। इसके अलावा हैदराबाद–मुंबई हाई-स्पीड रेल लिंक की भी योजना बनाई जा रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के तहत विकसित होने वाले ये हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर हैदराबाद और तेलंगाना के विकास को नई गति देंगे तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएंगे।








