
नई दिल्ली। श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई-नेशन सीरीज़ के बीच इंडिया-ए टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चोटिल तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह की जगह अशोक शर्मा को टीम में शामिल करने का फैसला किया है। युद्धवीर के दाहिने कंधे में चोट की शिकायत के बाद यह बदलाव किया गया।
तिलक वर्मा की कप्तानी में खेल रही इंडिया-ए टीम का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में मेजबान श्रीलंका को हराया था, लेकिन दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं तीसरा मुकाबला टाई रहने के बाद सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां भारतीय टीम को शिकस्त झेलनी पड़ी।
बीसीसीआई की ओर से जारी बयान के अनुसार, युद्धवीर सिंह ने 11 जून को फील्डिंग सत्र के दौरान और 13 जून को गेंदबाजी करते समय दाहिने कंधे में दर्द की शिकायत की थी। मेडिकल टीम द्वारा विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद उन्हें राइट रोटेटर कफ की चोट से पूरी तरह उबरने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की निगरानी में ग्रेजुएटेड रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरने की सलाह दी गई है।
युद्धवीर की जगह टीम में शामिल किए गए अशोक शर्मा के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका होगा। हालिया प्रदर्शन में उन्होंने छह मैचों में छह विकेट हासिल किए थे। हालांकि विकेटों की संख्या बहुत अधिक नहीं रही, लेकिन उनकी तेज गेंदबाजी और लगातार अच्छी लाइन-लेंथ ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
अब भारत-ए टीम का अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। माना जा रहा है कि इस मैच में अशोक शर्मा को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टीम के लिए फाइनल में जगह बनाना आसान नहीं होगा।
ट्राई-सीरीज़ के लिए इंडिया-ए की अपडेटेड टीम:
तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, आकाश रॉय और अशोक शर्मा।








