
आयुष्मान भारत समेत कई केंद्रीय योजनाएं लागू करने का ऐलान
भारत-बांग्लादेश सीमा पर 45 दिन में BSF को जमीन देने का निर्णय
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने राज्य में केंद्र की विभिन्न योजनाओं को लागू करने और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णयों का ऐलान किया।
कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी दी गई कि भाजपा के 321 मृत कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी अब राज्य सरकार उठाएगी। इसके साथ ही भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए BSF को 45 दिनों के भीतर भूमि सौंपने का निर्णय लिया गया है।
नई सरकार ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना को लागू करने का भी ऐलान किया है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कैबिनेट में प्रशासनिक सुधारों को लेकर भी अहम फैसले हुए। राज्य में भारतीय न्याय संहिता (BNS) को प्रभावी रूप से लागू करने और बंगाल कैडर के IAS तथा IPS अधिकारियों को केंद्र में प्रशिक्षण के लिए भेजने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा राज्य सरकार की नौकरियों में पांच साल के विस्तार का भी फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता, सुशासन और केंद्र-राज्य समन्वय के साथ विकास को प्राथमिकता देगी।








