
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में “विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047” अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न
लखनऊ, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में “विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047” अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के नागरिकों से प्राप्त सुझावों के वर्गीकरण एवं उनमें से श्रेष्ठ सुझावों के चयन के सम्बन्ध में मण्डल स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ मण्डल के सभी जनपदों के जिलाधिकारीगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मण्डलायुक्त ने अवगत कराया कि मा0 मुख्यमंत्री जी के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम व शासन के निर्देशानुसार “विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047” अभियान के अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों से प्राप्त सुझावों का वर्गीकरण एवं विश्लेषण भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के सहयोग से नियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया है। इसके उपरांत जनपद स्तर पर प्राप्त सुझावों में से श्रेष्ठ सुझावों के चयन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है, जिससे प्रदेश के विकास हेतु उपयोगी एवं व्यवहारिक सुझावों को आगे बढ़ाया जा सके।
मण्डलायुक्त ने बताया कि शासन द्वारा जनपद स्तर पर श्रेष्ठ 03 सुझावों के चयन हेतु एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में मण्डलायुक्त, संबंधित जनपद के जिलाधिकारी तथा नियोजन विभाग के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल हैं। समिति द्वारा जनपदों से प्राप्त शीर्ष 10 सुझावों का परीक्षण करते हुए उनमें से सर्वश्रेष्ठ 03 सुझावों का चयन किया जाएगा।
मण्डलायुक्त ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें प्राप्त सुझावों का गंभीरता से परीक्षण किया जाना आवश्यक है। बैठक के दौरान सभी जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों से प्राप्त शीर्ष 10 सुझावों का विस्तृत विवरण एवं उनका विश्लेषण प्रस्तुत किया, ताकि समिति द्वारा उनका परीक्षण कर 03 सर्वोत्तम सुझावों का चयन किया जा सके।









