Written by
अवध सूत्र पर बड़ी ख़बरे
ऐलान:प्राविधिक सहायक के 3436 पद भरे जाएंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ग्रुप सी कृषि प्राविधिक सहायक के 3446 पदों पर जल्द भर्तियां करने जा रहा है। इन भर्तियों में पुराने 906 पदों पर पुराने आवेदकों को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) से छूट देते हुए मौका दिया जाएगा। आयोग इसके लिए जल्द आवेदन लेने की तैयारी कर रहा है।
20 सालों से भटक रहे
लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश ने अक्तूबर 2013 में ग्रुप सी के 6628 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगा था। इसमें कृषि प्राविधिक सहायक के 906 पद भी शामिल थे। अन्य पदों पर भर्तियों के बाद कृषि विभाग ने नियुक्ति दे दी, लेकिन इन 906 पदों पर चयनितों को नियुक्ति नहीं दी गई। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इन्हें नई भर्तियों में आवेदन करने और आयु सीमा में छूट देने का निर्देश राज्य सरकार को दिया था।
एक साथ लिए जाएंगे आवेदन
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को कृषि विभाग से प्राविधिक सहायक के रिक्त 3446 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव मिला है। इसका मिलान करते हुए रिक्तियों के आधार पर भर्ती के लिए जल्द विज्ञापन निकालने की तैयारी है। आयोग 906 पदों को छोड़ कर शेष 2540 पदों के लिए नए अभ्यर्थियों को मौका देगा। इसके लिए पीईटी में शामिल होने वालों को पात्र माना जाएगा।
कैलकुलेटर बताएगा किस कर में फायदा
नई दिल्ली। सरकार आयकर के आकलन के लिए जारी नई व्यवस्था को आसान बनाने पर काम कर रही है। इसके लिए आयकर विभाग जल्द ही अपने पोर्टल पर ऐसे कैलकुलेटर की व्यवस्था करने जा रहा है जिससे करदाता खुद ही आकलन कर सकेगा कि उसके लिए नई व्यवस्था बेहतर है या फिर पुरानी।केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में कहा कि सरकार ने लोगों को उनकी इच्छा और सुविधा के हिसाब से निवेश करने की सुविधा दी है। इससे सरकारी खजाने पर बोझ जरूर पड़ेगा लेकिन टैक्स संग्रह ज्यादा प्रभावी होने से उसकी भरपाई करने की कोशिश भी होती रहेगी। उन्होंने कहा, कंपनियों में टैक्स के मामले में हमने यह प्रयोग किया था और वहां 60 फीसदी आय नई व्यवस्था की ओर आई है। उन्होंने कहा, प्रभावी उपायों से टैक्स चोरी रुकी है, आने वाले दिनों में इसे और बेहतर किया जाएगा। हमने अपडेटेड रिटर्न स्कीम शुरू की है।
दो दिन में रिफंड मिलेगा
करदाताओं को रिफंड मिलने का समय घटकर 16 दिन हो गया है। विभाग नए टैक्स इनफॉर्मेशन नेटवर्क पर काम कर रहा है। इससे रिफंड जारी होने के बाद एक-दो दिन में ही खाते में आ जI
यूपी बोर्ड ने अपलोड किए छात्रों के प्रवेश पत्र
यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र और केंद्रवार नामावली गुरुवार को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी। यह सूचना सचिव दिब्यकांत शक्ल ने दी है।
नियमावली संशोधन के बाद मिलेगा ऑनलाइन अवकाश
प्रयागराज। प्रदेश के 2332 राजकीय विद्यालयों में कार्यरत 17 हजार से अधिक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन अवकाश के लिए इंतजार करना पड़ेगा।सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड), प्रवक्ता और प्रिंसिपल को ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शासन को सात दिसंबर 2022 को प्रस्ताव भेजा गया था।जिस पर शासन के विशेष सचिव डॉ. रुपेश कुमार ने 12 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर 27 नवंबर 2013 को लागू जनहित गारंटी अधिनियम 2011 की व्यवस्था के अंतर्गत कार्रवाई करने और आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है। सूत्रों के अनुसार अवकाश की नई व्यवस्था लागू करने से पहले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की सेवा नियमावली में बदलाव करना आवश्यक है। जो कि आसान काम नहीं है। इस बात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं अपर निदेशक राजकीय का पद सृजित होने के चार साल बाद भी नियमावली संशोधित न होने के कारण राजकीय शिक्षकों के नियोक्ता अपर
असि. प्रोफेसर के 5 में से 4 पद खाली
प्रयागराज। यूपीपीएससी ने गुरुवार को राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर ब्लड बैंक के दो और असिस्टेंट प्रोफेसर जनरल मेडिसिन के तीन पदों का परिणाम घोषित कर दिया।असिस्टेंट प्रोफेसर ब्लड बैंक के लिए 31 जनवरी को आयोजित साक्षात्कार में नीता वर्मा का चयन हुआ और एससी के लिए आरक्षित पद योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण खाली रह गया। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर जनरल मेडिसिन के तीन पदों के लिए 30 जनवरी को आयोजित साक्षात्कार में कोई अभ्यर्थी न पहुंचने के कारण सभी पद खाली रह गए।
आरटीई निजी स्कूलों में दाखिले को करें आवेदन
प्रयागराज। निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत शैक्षिक सत्र 2023-24 में निजी स्कूलों में नर्सरी और कक्षा एक में दाखिले के लिए आवेदन करने की तिथि घोषित कर दी गई है। पहले चरण में 6 से 28 फरवरी और दूसरे चरण में 14 मार्च से 6 अप्रैल और तीसरे चरण में 20 अप्रैल से 12 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से आवेदक आरटीई पोर्टल पर आवेदन करे सकेंगे।वेबसाइट rte25. upsdc. gov. in पर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ली जा सकती है।
राष्ट्रीय संगोष्ठी आज से
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर योगिक साइंसेज, बेंगलुरु द्वारा अनुदानित थैरेप्यूटिक योग पर 3-4 फरवरी को राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में होगा। उद्घाटन मुख्य अतिथि अनिल कुमार आईएएस अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ करेंगे।
कस्तूरबा विद्यालयों में हो रही गड़बड़ियों की जांच होगी
लखनऊ। कस्तूरबा विद्यालयों में अनियमितताएं एवं गड़बड़ियों की लगातार मिल रही शिकायतों की सच्चाई का पता लगाने के लिए सरकार इसकी जांच कराने जा रही है। इसके तहत ऐसे सभी विद्यालयों की जांच की जाएगी जिनके संचालन की जिम्मेदारी गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के पास है। जल्द से जल्द इन शिकायतों का निपटारा हो इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से हर जिले के लिए अलग-अलग जांच टीमें बनाई गई है।सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में एनजीओ द्वारा संचालित कस्तूरबा विद्यालयों में वित्तीय अनियमितताओं के साथ-साथ कई अन्य गड़बड़ियों की शिकायतें महानिदेशालय स्तर से लेकर शासन तक में हो रही थीं। सच्चाई का पता लगाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के उद्देश्य से सरकार ने जांच टीमें बना कर उन्हें जांच के बिन्दु सौंप दिए हैं ताकि जांच में कोई भटकाव न हो और रिपोर्ट भी तय समय पर प्राप्त हो जाए। स्कूल शिक्षा के महानिदेशक विजय किरण आनंद ने सभी विद्यालयों की जांच के लिए टीमें गठित कर दी है।
कैंसर संस्थान में 984 पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ। चक गंजरिया स्थित कैंसर संस्थान में मरीजों को और बेहतर इलाज मिलेगा। बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। नए उपकरण खरीदे जाएंगे। मरीजों के इलाज में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी आड़े नहीं आएगी। इसके लिए 565 नियमित डॉक्टर व कर्मचारियों की भर्ती होगी। इसके अलावा आउटसोर्सिंग पद पर 419 संविदा पर भर्ती होगी।कैंसर संस्थान में 100 बेड पर मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। अभी 25 डॉक्टर व 250 कर्मचारी कार्यरत हैं। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। संस्थान के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने बताया कि मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही 250 बेड पर मरीजों की भर्ती शुरू की जाएगी।डॉ. आरके धीमन ने बताया कि डॉक्टर व कर्मचारियों की कमी के चलते बेड की संख्या नहीं बढ़ पा रही थी। जबकि बेड व उपकरण तैयार हो चुके हैं। जल्द ही 62 पदों पर डॉक्टरों की भर्ती होगी। 503 पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य श्रेणी के कर्मचारियों के नियमित पद हैं। इन पर भर्ती होगी। साथ ही 419 आउटसोर्सिंग पदों पर भर्ती होगी। उन्होंने बताया कि अगले चार से पांच माह में भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जैसे-जैसे डॉक्टर-कर्मचारियों की भर्ती होगी बेड की संख्या में इजाफा किया जाएगा।
बीएचयू कुलपति आवास पर फिर धरने पर बैठे दृष्टिबाधित छात्र, छेड़खानी के मामले में कार्रवाई की मांग
वाराणसी काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज छात्र एक बार फिर कुलपति आवास पर धरने पर बैठ गए। गुरुवार रात कुलपति आवास पहुंचे छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 31 जनवरी तक मामले में कुलपति से बातचीत कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।उधर धरने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को मनाने का प्रयास किया लेकिन वह तुरंत कार्रवाई पर अड़े रहे। देर रात तक उनका धरना जारी रहा।
जूनियर बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू,शासन से जारी
लखनऊ: शासन ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित जूनियर बेसिक विद्यालयों में तैनात शिक्षक-शिक्षिकाओं की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए विस्तृत समय सारिणी जारी कर दी गई है। 30 अप्रैल तक इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसमें कम से कम पांच साल का अनुभव पूरा करने वाले स्थायी सहायक अध्यापक-अध्यापिका अर्ह होंगे। वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर शासन की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रताप सिंह बघेल द्वारा सभी बीएसए को भेजे गए निर्देश के अनुसार मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही व दंड का विवरण 15 फरवरी तक देनी होगी। अंतिम वरिष्ठता सूची को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित पोर्टल पर 20 फरवरी तक प्रकाशित करना होगा। अंतिम ज्येष्ठता सूची के संबंध में पोर्टल पर शिक्षकों की आपत्ति 21 से 27 फरवरी तक ली जाएगी। इनका निस्तारण 13 मार्च तक किया जाएगा। इसको पोर्टल पर 16 मार्च तक प्रदर्शित करना होगा।वरिष्ठता सूची का प्रकाशन 25 मार्च को करना है। शिक्षकों का वरिष्ठता क्रमांक मानव संपदा पोर्टल पर 28 मार्च तक अपलोड करना होगा। अनुपयुक्त को अस्वीकार करते हुए वरिष्ठता के आधार पर खाली पदो पर पदोन्नति की कार्यवाही 10 अप्रैल से होगी। विद्यालयवार खाली पदों की सूची ऑनलाइन प्रदर्शित कर पदोन्नति शिक्षकों का पदस्थापना 15 से 20 अप्रैल तक करना होगा। पदोन्नति के बाद कार्यमुक्त व कार्यभार 29 अप्रैल तक ग्रहण किया जाएगा।पदोन्नति प्राप्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के विवरण को मानव संपदा पोर्टल पर 30 अप्रैल तक देना होगा। उन्होंने यह भी कहा है कि सेवा नियमावली के प्रावधान के अनुसार पदोन्नति से पहले जिला समिति 20 मार्च तक जिन शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई संस्थित है, से संबंधित कार्रवाई की जाए। ताकि पदोन्नति का लाभ वरिष्ठता के आधार पर ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों को मिल सके।
दो नोडल अधिकारी नामित
पदोन्नति से संबंधित कार्यवाही के लिए उप सचिव राजेंद्र सिंह व संयुक्त सचिव मो. अल्ताफ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसमें राजेंद्र सिंह को मेरठ, वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ, गोरखपुर, बस्ती, झांसी, देवीपाटन व मुरादाबाद और मो. अल्ताफ को आजगढ़, कानपुर, सहारनपुर, अयोध्या, चित्रकूट, बरेली, प्रयागराज, आगरा और अलीगढ़ मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
बोर्ड परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव ने जारी किए दिशा निर्देश
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित की जाने वाली वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों पर प्रधानाचार्य कक्ष को स्ट्रॉग रूम बनाने की जगह इस बार समस्त केंद्रो में एक अलग कक्ष को स्ट्रॉग रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस स्ट्रांग रूम और इसमें प्रश्नपत्रों को रखे जाने वाली डबल लॉक युक्त आलमारी की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक का यह दायित्व होगा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र का भौतिक निरीक्षण कर वहां परीक्षा प्रारंभ होने से पहले व्यवस्था का पालन कराएं। साथ ही अन्य छोटे-बड़े बिंदुओं को भी दिशा-निर्देशों में व्यापक रूप से बताया गया है।
परिवहन निगम:कार्यालय में तैनात ड्राइवर-कंडक्टर अब बस चलाएंगे, तभी मिलेगा वेतन
लखनऊ। रोडवेज में जुगाड़ से कार्यालय के काम करने वाले ड्राइवर-कंडक्टर अब बस चलाएंगे। हर महीने तय किलोमीटर पूरा नहीं करने वाले नियमित चालक-परिचालकों को वेतन रोक दिया जाएगा। इस बावत एमडी संजय कुमार ने सख्त आदेश क्षेत्रीय प्रबंधकों को जारी करते हुए कहा है कि चालक-परिचालक अपने मूल जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। उन्हें हर हाल में हर महीने निर्धारित 5500 किलोमीटर बस चलाकर ड्यूटी करनी ही होगी। तभी वेतन जारी किया जाएगा।सहालग में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर हर रूट पर बसों की मांग बढ़ गई है। बसों के नियमित संचालन के लिए ड्राइवरों और कंडक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए ड्राइवर और कंडक्टर को रूट पर जाना होगा। वरना उसका वेतन रोक लिया जाए। एमडी संजय कुमार ने कहा है कि ड्राइवरों और कंडक्टरों से बस संचालन के अलावा दूसरी ड्यूटी लिये जाने पर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक, स्टेशन प्रभारी और स्टेशन अधीक्षक के वेतन से 25-25 फीसदी वेतन की कटौती के भी आदेश दिए है। एमडी संजय कुमार ने सभी आरएम और एआरएम को निर्देश जारी करते हुए आदेश को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिये हैं।
नैक टीम ने वार्ड से लेकर शौचालय तक देखा
लखनऊ। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की आठ सदस्यीय टीम ने गुरुवार को केजीएमयू के 48 विभागों का जायजा लिया। इलाज में इस्तेमाल होने वाली मशीनें देखीं। मरीजों के इलाज के इंतजाम देखे। मेडिकल की पढ़ाई के तौर-तरीकों को परखा। अभिभावकों से बात कर अनुभव जाने। पूर्व छात्रों से भी केजीएमयू की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी जुटाई। यही नहीं टीम के सदस्यों ने डॉक्टर व मरीजों के टॉयलेट देखे। अभी टीम दो दिन और केजीएमयू में रहेगी।केजीएमयू को 2017 में नैक मूल्यांकन में ए ग्रेड मिला था। परिसर में सेवाओं की गुणवत्ता और गतिविधियों के स्तर के आधार पर रैंकिंग देने के लिए पांच साल के लिए नैक मान्यता दी जाती है। इससे मूल्यांकन मानकों और सेवाओं को बढ़ाने में मदद मिलती है। छात्रों को आकर्षित करने में भी सहायता मिलती है। टीम ने गुरुवार से केजीएमयू में मूल्यांकन शुरू किया। शुक्रवार को टीम केजीएमयू कम्युनिटी मेडिसिन की ओर से संचालित सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेगी।
नैक टीम का शानदार स्वागत
नैक की आठ सदस्यीय टीम सुबह 9.30 बजे केजीएमयू प्रशासनिक भवन पहुंची। टीम के स्वागत के लिए भव्य अस्थायी गेट बनाया गया था। रंगोली सजायी गई थी। कालीन बिछाई गई। कुलपति कार्यालय में प्रेजेंटेशन हुआ। उसके बाद टीम चार भागों में बांटी गई। प्रत्येक टीम में दो सदस्य थे। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा कर विवि में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।विभागाध्यक्ष व डॉक्टर पूरी तरह से तैयार नजर आए। टीम ने विभागों की व्यवस्था जाकर देखी। विभागाध्यक्ष व बाकी संकाय सदस्यों से जानकारी हासिल की।
वार्डों का हाल लिया
टीम ने कई विभागों के वार्डों का भी जायजा लिया। कई जगह साफ सफाई व मरम्मत का काम चल रहा था। टीम ने कहा अब इसे बंद करा दीजिए। हम लोग आ चुके हैं।
ये हैं नैक टीम के सदस्य
नैक टीम में अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जसपाल सिंह संधू, समन्यवक डॉ. स्मृति नंदा, डिप्टी एडवाइजर डॉ. एस श्रीनिवासा, डॉ. पी रंगनादीन, डॉ. रवि अन्नामलाई, डॉ. सुधारानी बनप्पागोदार, डॉ. जयराम मैलनकोडी और डॉ. राजेश बी गोयल मौजूद रहे।
शिक्षक-शिक्षिकायें बच्चों के साथ बेहतर व्यवहार करें- संदीप सिंह
लखनऊ:बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा है कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सकारात्मक रहना जरूरी है। शिक्षक एवं शिक्षकाओं का बच्चों के साथ बेहतर व्यवहार होना चाहिए। उन्हें सकारात्मक सोच रखते हुए बच्चों को शिक्षा प्रदान करनी चाहिए।श्री सिंह गुरुवार को राजधानी के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा आयोजित अभिप्रेरण एवं सकारात्मक चिंतन विषय पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के लिए एक रोल मॉडल के रूप में होता है।लिहाजा शिक्षक एवं शिक्षिकाएं इस कार्यशाला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए जो भी नई-नई जानकारी दी जा रही है, उसे ध्यान रखकर बच्चों को पढ़ाने का कार्य करे।उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा में निरन्तर सुधारात्मक कार्य किए जा रहे है।सकारात्मक दिशा में कार्य करने के लिए ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। एससीईआरटी के नेतृत्व में कई डायटस बेहतर कार्य कर रहे है। पांच डायटस को सेन्टर ऑफ एक्सिलेन्स के रूप में विकसित करने की कार्रवाई की जा रही है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए सकारात्मक रहना जरूरी है। शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का बच्चों के साथ बेहतर व्यवहार होना चाहिए। शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सकारात्मक सोच रखते हुए बच्चों को शिक्षा प्रदान करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश को निपुण प्रदेश बनाने के लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।इस अवसर पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की निदेशक डा. अंजना गोयल ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से जो जानकारी प्राप्त करें और वह अपने-अपने संस्थानों में बेहतर ढंग से लागू कराएं, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर ज्ञान प्राप्त हो सके। अपर राज्य परियोजना निदेशक सम्रग शिक्षा मधुसूदन नागराज हुल्गी ने कहा कि डायट के द्वारा जो सामाग्री दी जाती है उसका अध्ययन शिक्षकों को करना चाहिए। उसके बाद शिक्षक बच्चों को सही ढंग से शिक्षा प्रदान करने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि डायटस का रोल ऐसे शिक्षकों को तैयार करने में महत्वपूर्ण है जो अपने-अपने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को उचित शिक्षा प्रदान कर भविष्य के लिए अच्छा नागरिक बना पाते हैं। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री के द्वारा कक्षा 6, 7, 8 की गणित विषय की शिक्षक संदर्शिका (उपचारात्मक शिक्षण के लिए) रिमीडियल शिक्षण को तथा बच्चों के लिए उपचारात्मक कार्यपुस्तिका ‘मेरी प्यारी गणित’ का विमोचन किया।
8 नए निजी विश्वविद्यालय के लिए आशय पत्र जारी करने की संस्तुति
लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में निजी क्षेत्र के अन्तर्गत विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने 08 नए निजी विश्वविद्यालय को अनुमति पत्र देने की संस्तुति की है।
समिति ने महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय-अयोध्या, महर्षि महेश योगी इन्टरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय-बिल्हौर (कानपुर नगर), फ्यूचर विश्वविद्यालय-बरेली, शारदा विश्वविद्यालय-आगरा, जी0एस0विश्वविद्यालय-हापुड़, विद्या विश्वविद्यालय-मेरठ, डाॅ0के0एन0मोदी विश्वविद्यालय-गाजियाबाद, के0एम0(कृष्ण मोहन) विश्वविद्यालय-मथुरा को आशय पत्र जारी करने की संस्तुति की। मुख्य सचिव ने कहा कि निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना से प्रदेश की शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये बाहर नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें प्रदेश में ही गुणवत्तायुक्त उच्च शिक्षा प्राप्त होगी, साथ ही लोगों के लिये रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे।
लोहिया की नर्सिंग भर्ती परीक्षा नौ को, सिर्फ इमरजेंसी ऑपरेशन होंगे
लखनऊ। लोहिया संस्थान में नौ फरवरी को सिर्फ इमरजेंसी व जरूरी ऑपरेशन ही होंगे। बाकी ऑपरेशन को आगे के लिए टाल दिया जाएगा। नए मरीजों को भी आगे की तारीख दी जा रही है। इस दिन ओपीडी में भी कम संख्या में मरीज देखे जाएंगे। असल में नौ फरवरी को लोहिया की नर्सिंग भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। बड़ी संख्या में संविदा पर तैनात नर्सों ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए नर्सों ने छुट्टी ले रखी है। साथ ही वरिष्ठ डॉक्टरों की परीक्षा संबंधी कार्यों में ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में मरीजों का इलाज प्रभावित रहेगा।लोहिया संस्थान में करीब 10 साल बाद नियमित भर्तियां होने जा रही हैं। इसके लिए 568 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें 431 नर्सिंग के पद हैं। इनमें 43824 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। देश के 90 सेंटरों में ऑनलाइन परीक्षा होगी। परीक्षा की तारीख नौ फरवरी को मुकर्रर हुई है। दो घंटे परीक्षा होगी।परीक्षा के मद्देनजर संस्थान प्रशासन ने डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। संस्थान में बड़ी संख्या में संविदा पर नर्स तैनात हैं। ज्यादातर ने आवेदन किया है। लखनऊ समेत दूसरे जिले व प्रदेश में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें परीक्षा देने के लिए जाना होगा। ऐसे संस्थान में नर्सिंग स्टाफ का संकट खड़ा हो गया है। संस्थान के सीएमएस की तरफ से सामान्य ऑपरेशन टालने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल में डंप मिला एक करोड़ का पान मसाल, संचालक ताला बंद कर फरार, जांच में जुटी पुलिस और जीएसटी टीम
कानपुर। कानपुर देहात में गजनेर के नहोली गांव स्थित एक स्कूल में गुरुवार को नामचीन कंपनी का करीब दो सौ बोरी पान मसाला बरामद हुआ। इससे पूर्व स्कूल संचालक ने बच्चों को ये कहकर लौटा दिया कि उसकी मौसी खत्म हो गई हैं। अब पांच दिन स्कूल नहीं खुलेगा।वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस ने स्कूल का कमरा खुलवाया, तो पान मसाला मिला। जीएसटी टीम के अनुसार बरामद पान मसाला की कीमत करीब एक करोड़ है। फिलहाल पुलिस व जीएसटी टीम छानबीन कर रही है।नहोली स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को बच्चे पढ़ने पहुंचे, तो स्कूल संचालक धीरेंद्र सिंह ने उन्हें यह कहकर वापस कर दिया कि उसकी मौसी खत्म हो गई हैं। अब पांच दिन स्कूल नहीं खुलेगा। वहीं, स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में भी यही सूचना डाली गई।इससे टीचर भी स्कूल नहीं गए। उधर, एक व्यक्ति की सूचना पर स्कूल पहुंची पुलिस ने नायब तहसीलदार व जीएसटी के अधिकारियों के साथ मिलकर स्कूल का मुख्य गेट व कमरा खुलवाया। तो एक बड़े हाल में करीब दो सौ बोरी पान मसाला डंप मिला।प्रारंभिक जांच में पान मसाला एक नामचीन कंपनी का मिला। जीएसटी टीम मामले में छानबीन कर रही है। गजनेर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरजीत कुमार ने बताया कि मामले में कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। जीएसटी टीम की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल बंद कर भाग गया संचालक
स्कूल में बड़ी मात्रा में पान मसाला बरामद होने की जानकारी होते ही गांव के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्कूल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम को संचालक के घर में भी ताला लगा मिला। स्कूल को संस्कृत बोर्ड से कक्षा पांच तक मान्यता होने की बात शिक्षा विभाग के अधिकारी बता रहे हैं।पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि टैक्स चोरी करके पान मसाला ले जाया जा रहा था। इसकी भनक शातिर गिरोह को लगी। उसने गाड़ी को रास्ते से लूटकर स्कूल पहुंचा दिया। वहां पूरा माल उतरवा लिया गया। इस गैंग में स्कूल व सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।
ऐसे खुला पूरा मामला
कानपुर नगर से पान मसाला लेकर निकले ट्रक को कुछ लोगों ने नबीपुर के पास हाईवे पर रोक लिया। फिर उसे रठिगांव रोड पर नहोली में स्थित स्कूल ले जाकर खाली करने को कहा। मौका पाते ही खलासी ने मालिक को इसकी सूचना दी। मालिक ने यूपी 112 डायल कर पान मसाला की गाड़ी लूट लेने की सूचना दी।लेकिन वह मौके पर नहीं आया। दोपहर तक पुलिस सूचना देने वाले के आने का इंतजार करती रही। वह नहीं पहुंचा। अब जीएसटी टीम उसके मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश में जुटी है। सूचना देने वाले के न आने से टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है।
स्कूल संचालक खुद सरकारी कॉलेज में है बाबू
जिस गुरुकुल पब्लिक स्कूल में पान मसाला मिला है, वहां का संचालक धीरेंद्र सिंह खुद एक सरकारी स्कूल में बाबू है। वह अपने गांव में स्कूल भी संचालित कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बाबू के खिलाफ पहले भी भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
यूपीपीएससी : पांच विभागों में सीधी भर्ती के लिए आवेदन शुरू, आयोग ने जारी किया विज्ञापन
प्रयागराज।पांच विभागों में 15 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। आवेदन शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि दो मार्च और आवेदन की अंतिम तिथि छह मार्च निधारित की गई है।उत्तर प्रदेश आयुष (होम्योपैथी विभाग) में प्राचार्य के छह पदों, मद्य निषेध विभाग में क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी के दो पदों, उत्तर प्रदेश आयुष (आयुर्वेदिक विभाग) में प्राचार्य के चार पदों, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में सहायक वेधन अभियंता के एक पद और उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग में प्राविधिक अधिकारी (प्राविधिक सेवा) के दो पदों पर भर्ती होनी है।आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग तय करेगा कि इन पदों पर सीधी भर्ती केवल इंटरव्यू के माध्यम से होगी या स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी और इसी आधार पर अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। विज्ञापन में दिए गए प्रावधानों के अनुसार पदों के लिए आवेदकों की संख्या अधिक होने पर आयोग की ओर से स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जा सकती है।अगर स्क्रीनिंग परीक्षा होती है तो वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे और एक गलत उत्तर देने पर प्रश्न के लिए निर्धारित अंकों का एक तिहाई हिस्सा काट लिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों की आवश्यकता जांच के लिए साक्षात्कार के समय होगी। अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक विज्ञापित अनिवार्य अर्हता धारित करना आवश्यक होगा।






