
नई दिल्ली। महिला क्रिकेट के सबसे बड़े टी-20 मंचों में शामिल महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें संस्करण को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड के मुताबिक, टाटा महिला प्रीमियर लीग 2027 का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 के बीच किया जाएगा। आगामी सीजन में देश-विदेश की दिग्गज महिला क्रिकेटरों के साथ भारतीय युवा प्रतिभाओं को भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।
BCCI ने WPL 2027 की तारीखों की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों की नीलामी और रिटेंशन को लेकर भी कार्यक्रम जारी किया है। फ्रेंचाइजियों के लिए मौजूदा टीम के खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026 तय की गई है। इसके बाद नई टीम संरचना तैयार करने के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर 2026 को कोच्चि में आयोजित की जाएगी।
WPL के अगले संस्करण के आयोजन स्थलों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, संभावित मेजबान शहरों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मुंबई, वडोदरा और बेंगलुरु के अलावा उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंजारी में निर्माणाधीन नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भी मुकाबलों की मेजबानी मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि वाराणसी को मेजबानी मिलती है तो उत्तर प्रदेश में महिला क्रिकेट के लिए यह एक बड़ा अवसर होगा और पूर्वांचल में क्रिकेट गतिविधियों को भी नई गति मिल सकती है।
BCCI ने अपने बयान में कहा कि महिला प्रीमियर लीग ने महिला टी-20 क्रिकेट के वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लीग के जरिए दुनिया की शीर्ष महिला क्रिकेटरों को भारतीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलता है। इससे युवा भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित करने का मंच मिलता है।
अब तक WPL के चार संस्करण खेले जा चुके हैं और इन चारों सत्रों में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का दबदबा देखने को मिला है। मुंबई इंडियंस ने 2023 और 2025 में खिताब अपने नाम किया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 और 2026 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
WPL 2027 में एक बार फिर मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। नीलामी से पहले रिटेंशन प्रक्रिया पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजर होगी। इसके बाद 28 अक्टूबर की नीलामी में टीमों के बीच नए खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने के लिए मुकाबला देखने को मिलेगा।
WPL के पांचवें सीजन की तारीखों के ऐलान के साथ ही महिला क्रिकेट के इस बड़े टूर्नामेंट की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। अब निगाहें रिटेंशन सूची, नीलामी और आगामी सीजन के आयोजन स्थलों की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।









