
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान छात्र साहिल लोचब के पैलेट गन से घायल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया। राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके धरने के करीब सात घंटे बाद FIR दर्ज की गई।
राहुल गांधी शुक्रवार को साहिल लोचब के साथ संसद मार्ग स्थित DCP कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे। उनका कहना है कि घटना को करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन साहिल के शरीर में अब भी पैलेट के छर्रे फंसे हुए हैं। राहुल ने दावा किया कि साहिल की आंख में भी तीन छर्रे धंसे हैं, जिसकी वजह से उसे दिखाई नहीं दे रहा है।
FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि देश में महिलाओं के साथ अपराध, बच्चों की हत्या और लोगों को गोली लगने जैसी घटनाओं के मामलों में अगर FIR दर्ज करने में इतनी देरी होगी तो आम आदमी को न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मामला दिल्ली के बीचों-बीच स्थित पुलिस स्टेशन का है और यहां भी शिकायत पर कार्रवाई के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
राहुल गांधी ने दावा किया कि FIR दर्ज करने के लिए गृह सचिव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंजूरी का इंतजार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी FIR दर्ज करना चाहते थे, लेकिन ऊपर से रोक लगाई जा रही थी। राहुल ने कहा कि FIR दर्ज होना न्याय की दिशा में पहला कदम है और अब आगे की कार्रवाई होनी चाहिए।
संसद मार्ग थाने के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
इससे पहले राहुल गांधी साहिल लोचब के मामले में जानकारी लेने और FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को परेशान किया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने भी इस मामले में पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि साहिल के वकील की मुख्य मांग FIR दर्ज करने की थी। जयराम रमेश के मुताबिक, यह कोई सामान्य FIR नहीं है, बल्कि पुलिस की कथित कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े मामले में दर्ज की गई शिकायत है।
दिल्ली पुलिस की ओर से अब अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ऐसे में जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि साहिल लोचब को चोट कैसे लगी और पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया। FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस ने इसे अपनी मांग की दिशा में शुरुआती सफलता बताया है।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक विवाद को और बढ़ा दिया है। कांग्रेस जहां इसे छात्र को न्याय दिलाने का मुद्दा बता रही है, वहीं बीजेपी राहुल गांधी के धरने और पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल उठा रही है। अब FIR दर्ज होने के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और जिम्मेदारी किसकी तय होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।







