
सेंट्रल दिल्ली में 48 घंटे चले ऑपरेशन कवच के तहत 337 आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और अवैध शराब बरामद
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस सेंट्रल जिले की टीम ने ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ के तहत 48 घंटे तक चले विशेष अभियान में अपराधियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की. इस दौरान 99 पुलिस टीमों ने जिले में 338 स्थानों पर छापेमारी कर 337 आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध शराब, हथियार और चोरी के वाहन बरामद किए।
अभियान में सेंट्रल जिले के सभी थानों के अलावा स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स सेल, एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) और साइबर पुलिस की टीमें शामिल रहीं. पुलिस ने अपराध प्रभावित इलाकों, झुग्गी बस्तियों, अवैध शराब आपूर्ति मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार कार्रवाई की. ऑपरेशन के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 36 मामले दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 5.001 किलो गांजा, 54.76 ग्राम स्मैक, 52 ग्राम एमडीएमए, 150 फेनिरामाइन इंजेक्शन, 231 सिरिंज, 45 बोतल कोडीन सिरप और 15,450 रुपये नकद बरामद किए।
बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद
आर्म्स एक्ट के तहत 20 मामलों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 पिस्टल, 3 देसी कट्टे, 7 जिंदा कारतूस और 16 चाकू बरामद किए गए. वहीं दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 22 मामलों में 1,530 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई. जुआ अधिनियम के तहत 28 मामलों में 59 लोगों को गिरफ्तार कर 87,050 रुपये नकद और 1,092 ताश के पत्ते बरामद हुए।
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल वाहन किए जब्त
इसके अलावा पुलिस ने चार ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार कर 10 चोरी के वाहन बरामद किए. चार घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया. अभियान के दौरान 3,511 लोगों का सत्यापन किया गया, 361 वाहन जब्त किए गए और 1,119 सीओटीपीए चालान काटे गए. 306 हिस्ट्रीशीटरों का भी सत्यापन किया गया।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन कवच 14.0 का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी करना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार, अवैध हथियारों, शराब तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ना था. उन्होंने कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान से अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और सेंट्रल जिला पुलिस आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखेगी।









