
फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच करीब 5 मिनट तक बातचीत हुई और इस दौरान वे एक साथ बैठे नजर आए।
यह मुलाकात करीब 16 महीनों के अंतराल के बाद हुई है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी बैठक फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस में हुई थी। G-7 आउटरीच सेशन में भी दोनों नेता एक साथ बैठे और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा करते देखे गए।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच 17 जून की शाम 6:30 बजे ट्रेड डील को लेकर विस्तृत बातचीत हो सकती है। व्हाइट हाउस की जानकारी के मुताबिक, इस चर्चा में भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दे शामिल रह सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के एवियन पहुंचने पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद G-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई गई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सहित कई वैश्विक नेताओं से बातचीत करते हुए भी देखा गया।
भारत इस बार G-7 समिट में पार्टनर देश के तौर पर शामिल हुआ है, जो अब तक 13वीं बार है जब भारत को इस मंच पर आमंत्रित किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह सातवीं बार है जब वे इस वैश्विक मंच में हिस्सा ले रहे हैं।
G-7 शिखर सम्मेलन को वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता अंतरराष्ट्रीय नीतियों पर विचार-विमर्श करते हैं।








