
नई दिल्ली। आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने अपने खिलाफ लगाए जाने वाले ‘भगोड़ा’ शब्द को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक प्रमुख समाचार एजेंसी ANI को दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ आज तक कोई मामला साबित नहीं हुआ है और न ही वे किसी तरह से भागे हुए हैं।
ललित मोदी ने कहा, ‘मेरे लिए भगोड़ा शब्द मीडिया ने इस्तेमाल किया है। मैं बिल्कुल भी नहीं भाग रहा हूं। मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता, तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है, आप उससे पंगा नहीं ले सकते।’
उन्होंने आगे कहा कि उनका भारत सरकार या कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का टकराव करने का कोई इरादा नहीं है। “मुझे कानून से डर नहीं लगता, लेकिन न्याय में देरी जरूर खलती है। हमारे देश में कई बार सुनवाई वर्षों तक चलती है, और देर से मिलने वाला न्याय भी एक तरह की सजा होता है,” उन्होंने कहा।
IPL को लेकर पूछे गए सवाल पर ललित मोदी ने कहा कि उनके लिए यह टूर्नामेंट बेहद भावनात्मक जुड़ाव रखता है। उन्होंने कहा, ‘IPL मेरे लिए मेरे बच्चे जैसा है। मैं आज भी मैच देखता हूं और इसे लेकर हमेशा से पैशनेट रहा हूं। इससे मुझे फर्क नहीं पड़ता कि मैं इससे जुड़ा हूं या नहीं।’
उन्होंने यह भी कहा कि IPL की वजह से ही उन्हें वैश्विक पहचान मिली है। ‘मेरे पिता एक सफल बिजनेसमैन थे, लेकिन आज मेरे परिवार को ललित मोदी के नाम से जाना जाता है। मैं जहां भी जाता हूं, लोग मुझे पहचानते हैं- यह सब IPL की वजह से हुआ है।”
अपने भारत लौटने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अब उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं। ‘पहले मैं वापस आना चाहता था, लेकिन अब उस चाहत में कोई अर्थ नहीं रह गया है। अगर आप मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो आपको कोर्ट जाना होगा। इतने साल बीत चुके हैं, अगर कुछ होता तो सामने आ चुका होता।’
ललित मोदी ने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ विवादों के पीछे कुछ राजनीतिक कारण रहे हैं और सत्ता में बैठे कुछ लोगों ने उनके खिलाफ माहौल बनाया। हालांकि उन्होंने किसी भी व्यक्ति विशेष पर सीधे आरोप लगाने से परहेज किया। उनके इस इंटरव्यू के बाद एक बार फिर आईपीएल के शुरुआती दौर और उससे जुड़े विवादों की चर्चा तेज हो गई है।








