
भर्ती और पदोन्नति प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी बढ़ाने के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक में भर्ती और पदोन्नति प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और इनमें किसी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में इस वर्ष बड़ा मानव संसाधन बल शामिल होने जा रहा है। वर्तमान में 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिसे निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने मृतक आश्रित सेवायोजन मामलों में मानवीय और व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए नियमों को सरल बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.21 लाख से अधिक भर्तियां और 1.60 लाख पदोन्नतियां की जा चुकी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती एवं प्रोन्नति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।









