
उत्तर प्रदेश में 05 से 21 जून तक चलेगा व्यापक जनसंपर्क अभियान
लखनऊ। केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 05 जून से 21 जून तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष नए भारत के निर्माण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा अभियान में जनभागीदारी पर विशेष जोर रहे।
अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर लंबी ‘प्रगति पथ यात्रा’ आयोजित की जाएगी। जनप्रतिनिधि गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे और चौपाल लगाकर आमजन से संवाद करेंगे।
इसके अलावा जनकल्याण मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, प्रदर्शनियां और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन बनाने के लिए व्यापक संवाद और जनसंपर्क अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।









