
भोपाल। एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश देते हुए दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम भोपाल AIIMS में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले में राज्य सरकार ने भी बड़ा कदम उठाते हुए CBI जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के दौरान ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा को इस संबंध में आश्वासन दिया गया था।
इधर, ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में दायर अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि समर्थ जिला अदालत में सरेंडर करेंगे। वहीं सरकार ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को मिली जमानत रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में अपील दायर की है। मामले को अब डिवीजन बेंच को रेफर कर दिया गया है।
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि समर्थ सिंह फरारी के दौरान केस को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समर्थ पूर्व में मध्य प्रदेश सरकार में लीगल एडवाइजर रह चुका है। शर्मा ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी को हटाने की मांग करते हुए पुलिस पर पक्षपात का आरोप भी लगाया है।
नवनिधि शर्मा ने कहा कि शव को सुरक्षित रखने के लिए माइनस 4 डिग्री तापमान पर्याप्त है और पुलिस जानबूझकर दबाव बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शव सुपुर्दगी के दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए और एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की गई। परिवार ने साफ किया है कि वे दूसरे पोस्टमॉर्टम और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।







