
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के गांधी पार्क में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई की ओर से ‘शब्द रंग: साहित्य महोत्सव’ के पोस्टर का विमोचन किया गया। राष्ट्रीय कला मंच, अवध प्रांत की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय साहित्य महोत्सव 24 और 25 अक्टूबर को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में होगा।
महोत्सव में साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और कला से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं को संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच मिलेगा। कार्यक्रम में व्याख्यान, संवाद सत्र, प्रदर्शनी, युवा चौपाल और काव्य पाठ सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव के लिए चयनित प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क पंजीकरण के साथ रहने और भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों को साहित्य एवं कला के विविध आयामों से जोड़ना तथा युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराना है।
पोस्टर विमोचन के दौरान समाज कार्य विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अन्विता वर्मा, इकाई उपाध्यक्ष वर्तिका कुशवाहा व आर्यन शर्मा, इकाई मंत्री आर्यन कुशवाहा, प्रांत सिद्ध संयोजक तान्या तिवारी, जिला संगठन मंत्री ध्रुव सिंह और राष्ट्रीय कला मंच संयोजक तनु यादव सहित श्रद्धा राज, कविता कुशवाहा, आकांक्षा, नंदिनी, आशुतोष, रिया समेत अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।
डॉ. अन्विता वर्मा ने कहा कि साहित्य समाज के विचारों को दिशा देने और युवाओं की रचनात्मक चेतना को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘शब्द रंग’ जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने का सार्थक अवसर प्रदान करते हैं।









