
नई दिल्ली। मशहूर बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह साल 2027 में अपने फैंस के लिए बड़ा तोहफा लेकर आ रहे हैं। अरिजीत सिंह अगले साल देशभर में मेगा इंडिया टूर पर निकलेंगे। ‘अरिजीत सिंह इंडिया टूर 2027’ नाम से होने वाली यह मल्टी-सिटी कॉन्सर्ट सीरीज उनके म्यूजिक करियर के 20 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित की जा रही है। जनवरी से मई 2027 के बीच देश के नौ बड़े शहरों में स्टेडियम स्तर के कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे।
इस टूर के जरिए अरिजीत सिंह अपने दो दशक लंबे संगीत सफर का जश्न मनाने के साथ-साथ देशभर में मौजूद अपने प्रशंसकों के साथ सीधे जुड़ेंगे। टूर को लेकर उनके फैंस के बीच अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।
9 शहरों में होगी लाइव परफॉर्मेंस
टीम इनोवेशन द्वारा प्रोड्यूस और प्रमोट किए जा रहे इस टूर में देश के नौ शहरों को शामिल किया गया है। इनमें अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे, इंदौर और हैदराबाद शामिल हैं।
टूर की शुरुआत 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से होगी। इसके बाद 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर, 20 फरवरी को मुंबई, 13 मार्च को बेंगलुरु, 27 मार्च को नई दिल्ली, 10 अप्रैल को पुणे, 1 मई को इंदौर और 15 मई को हैदराबाद में अरिजीत सिंह लाइव परफॉर्म करेंगे।
इस तरह करीब चार महीने तक चलने वाली यह कॉन्सर्ट सीरीज देश के अलग-अलग हिस्सों में अरिजीत के संगीत का अनुभव फैंस को देगी।
20 साल के संगीत सफर का जश्न
अरिजीत सिंह का 2027 इंडिया टूर उनके म्यूजिक करियर के 20 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इन दो दशकों में अरिजीत ने हिंदी के साथ-साथ कई अन्य भाषाओं में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा है।
उनकी आवाज और गायकी ने अलग-अलग पीढ़ियों के श्रोताओं के बीच खास पहचान बनाई है। रोमांटिक गानों से लेकर दर्द, जुदाई और भावनात्मक गीतों तक अरिजीत की आवाज ने संगीत प्रेमियों के बीच अपनी अलग जगह बनाई है। यही वजह है कि उनके लाइव कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में खास उत्सुकता बनी हुई है।
स्टेडियम में मिलेगा इमर्सिव एक्सपीरियंस
अरिजीत सिंह के इस टूर को सामान्य कॉन्सर्ट से अलग बड़े इमर्सिव एक्सपीरियंस के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए कस्टम मल्टी-टियर स्टेज और बड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। इसका मकसद अरिजीत को स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के और करीब ले जाना है।
आयोजकों के मुताबिक, कॉन्सर्ट के प्रोडक्शन में 360 डिग्री स्पेशल ऑडियो, काइनेटिक LED फिक्स्चर, पैनोरमिक स्क्रीन, लेजर एरे और स्टेडियम स्तर के पायरोटेक्निक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे दर्शकों को संगीत के साथ बड़ा विजुअल अनुभव भी मिलने की उम्मीद है।
10 अक्टूबर से टिकटों की प्री-सेल
‘कोटक सॉलिटेयर प्रेजेंट्स अरिजीत सिंह इंडिया टूर 2027’ के टिकट खास तौर पर थम्पएन के जरिए उपलब्ध होंगे। टिकटों की प्री-सेल 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आम दर्शकों के लिए जनरल सेल 13 अक्टूबर 2026 से शुरू की जाएगी।
टिकट बिक्री शुरू होने के साथ ही अलग-अलग शहरों में अरिजीत के कॉन्सर्ट को लेकर बुकिंग की होड़ देखने को मिल सकती है। खासकर मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में उनके प्रशंसकों की संख्या काफी ज्यादा है।
फैंस के प्यार को अरिजीत ने बताया सफर की सबसे बड़ी ताकत
अपने इंडिया टूर को लेकर अरिजीत सिंह ने अपने 20 साल के संगीत सफर को याद करते हुए फैंस के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके सफर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा वे लोग रहे हैं, जिन्होंने उनके गानों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया।
अरिजीत ने देशभर में घूमने और अलग-अलग शहरों में स्टेज पर अपने प्रशंसकों के साथ समय बिताने को लेकर उत्साह जताया है। ऐसे में 2027 का यह टूर उनके लिए सिर्फ कॉन्सर्ट सीरीज नहीं, बल्कि दो दशक के संगीत सफर और फैंस के साथ उनके रिश्ते का जश्न भी होगा।







