
नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दस टीमें गठित की थीं, जो दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तलाश कर रही थीं। पुलिस ने पहले हरिराम बंसल के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़े जाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में इमारत के रखरखाव में कथित लापरवाही और लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने के आरोप में हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
सत्य निकेतन में जिस इमारत के ढहने की घटना हुई, उसका इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (PG) के तौर पर किया जा रहा था। बताया गया है कि यहां कॉलेज में पढ़ने वाले और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र रहते थे। हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई कि निर्माण या मरम्मत से जुड़े काम के कारण इमारत की संरचना प्रभावित हुई और यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) के दक्षिणी जोन के उपायुक्त समेत चार इंजीनियरों को निलंबित किया गया।






